परिवहन विभाग की फर्जी पहचान बनाकर सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी इंस्टाग्राम पर 'rtowale_bhaiyaji_up67' नाम से फर्जी आईडी संचालित कर खुद को परिवहन विभाग से जुड़ा बताता था और ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन संबंधी कार्य तथा अन्य परिवहन सेवाएं ऑनलाइन कराने के नाम पर लोगों से रुपये वसूलता था।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन), चंदौली को लगातार शिकायतें मिलने लगीं कि उक्त इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से परिवहन विभाग के नाम का दुरुपयोग कर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। शिकायतों के आधार पर विभागीय कर्मचारियों ने आईडी पर दर्ज मोबाइल नंबर से संपर्क किया, जिससे पता चला कि आईडी का संचालन आदित्य कुमार कर रहा है।
इसके बाद परिवहन विभाग ने 29 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक चंदौली को पत्र भेजकर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बंद कराने और संचालक के खिलाफ कानूनी कार्यवाई की मांग की। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि सोशल मीडिया पर इस फर्जीवाड़े को लेकर कई खबरें प्रसारित हो चुकी थीं, जिनमें चालान निपटाने और परिवहन संबंधी कार्य ऑनलाइन कराने के नाम पर ठगी का खुलासा किया गया था।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर पुलिस ने आरोपी आदित्य कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों से ठगी की और उसके नेटवर्क में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
पुलिस और परिवहन विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सरकारी सेवा के लिए केवल अधिकृत पोर्टल और कार्यालयों का ही उपयोग करें तथा सोशल मीडिया पर संचालित किसी भी अनधिकृत आईडी या व्यक्ति के झांसे में आकर ऑनलाइन भुगतान न करें।
Comments (0)