मेजा, प्रयागराज। मेजा थाना क्षेत्र के भासुंदर गांव निवासी किसान सूर्यबली गुप्ता की चाकू से किए गए हमले में इलाज के दौरान मौत हो जाने से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। प्रयागराज से पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सूर्यबली गुप्ता अपनी मदरहा गांव स्थित कृषि भूमि पर खेती-बाड़ी का कार्य करने गए थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावर ने उन पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में उनके पेट और गर्दन के पास कई गंभीर वार किए गए, जिससे वह लहूलुहान होकर खेत में गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा गंभीर हालत में उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले गए।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय, प्रयागराज रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। किसान की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया।
घटना की सूचना पर मेजा थाना पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद प्रयागराज से फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से जांच करते हुए खून के नमूने सहित अन्य भौतिक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ भी की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। फोरेंसिक जांच रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और हमलावर की पहचान के लिए साक्ष्य जुटाने के साथ ही संभावित संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments (0)