चन्दौली जिले के दिव्यांगजनों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने "उत्तर प्रदेश दिव्यांगजन पुनर्वासन हेतु दुकान निर्माण/दुकान संचालन" योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। योजना के अंतर्गत पात्र दिव्यांगजन खोखा, गुमटी या हाथ ठेला खरीदने के लिए ₹10,000 की वित्तीय सहायता प्राप्त कर सकेंगे।

प्रभारी जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी रत्नेश सिंह ने बताया कि स्वीकृत होने वाली कुल ₹10,000 की राशि में ₹7,500 चार प्रतिशत वार्षिक साधारण ब्याज दर पर ऋण के रूप में तथा शेष ₹2,500 अनुदान (सब्सिडी) के रूप में प्रदान किए जाएंगे। योजना का उद्देश्य दिव्यांगजनों को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है।

उन्होंने बताया कि इच्छुक एवं पात्र लाभार्थी विभाग के आधिकारिक पोर्टल http://divyangjandukan.upsdc.gov.in⁠� पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए नवीनतम पासपोर्ट आकार का फोटो, आयु प्रमाण-पत्र, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड तथा बैंक पासबुक की छायाप्रति आवश्यक होगी।

ऑनलाइन आवेदन पूर्ण करने के बाद आवेदन पत्र का प्रिंट निकालकर सभी आवश्यक दस्तावेजों की स्व-प्रमाणित प्रतियों के साथ जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, बिछियांकला, चन्दौली में जमा करना अनिवार्य होगा। विभाग ने पात्र दिव्यांगजनों से समय रहते आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।