बनारसी जायके से हुआ बाबा अमरनाथ की यात्रा पर आए भक्तों का स्वागत


​जम्मू-कश्मीर / वाराणसी। श्री बाबा काशी विश्वनाथ सेवा समिति, वाराणसी द्वारा इस वर्ष भी अमरनाथ यात्रा के पावन अवसर पर सेवा और भक्ति का एक अद्भुत उदाहरण पेश किया गया है। 03 जुलाई (शुक्रवार) को यात्रा के विधिवत शुभारंभ पर जम्मू-कश्मीर के पहलगाम जिले के प्रथम आधार शिविर चंदनवाड़ी में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

श्री बाबा काशी विश्वनाथ सेवा समिति ने चंदनवाड़ी में किया भंडारे का आयोजन

​​बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए देश-विदेश से आए तीर्थयात्रियों का स्वागत समिति के अध्यक्ष दिलीप सिंह 'बंटी' ने किया। इस भंडारे में आए श्रद्धालुओं को बाबा का प्रसाद ग्रहण कराया गया। कड़ाके की ठंड और दुर्गम रास्तों को पार कर पहुंचे भक्तों ने भंडारे में बनारस के पारंपरिक और प्रसिद्ध व्यंजनों का आनंद लिया, जिसमें ​गरमा-गरम बनारसी कचौड़ी,​ स्वादिष्ट सब्जी, ​रसदार और क्रिस्पी जलेबी के साथ प्रसिद्ध बनारसी पान भी भक्तों को परोसा जा रहा है।

भोजन के साथ आवास की भी व्यवस्था कराती है समिति 

​​​समिति केवल भोजन ही नहीं, बल्कि दूर-दराज से आने वाले भक्तों की थकान मिटाने के लिए निःशुल्क आवास (ठहरने की व्यवस्था) भी उपलब्ध करा रही है, ताकि श्रद्धालु अपनी यात्रा को सुगम और आरामदायक बना सकें। भक्ति, सेवा और समर्पण का यह संगम हर वर्ष अमरनाथ यात्रा पर आने वाले लाखों भक्तों के लिए एक बड़ा संबल बनता है।

26 वर्षों से भक्तिभाव से किया जा रहा सेवा कार्य 

श्री बाबा काशी विश्वनाथ सेवा समिति, वाराणसी  के अध्यक्ष दिलीप सिंह 'बंटी' ने बताया कि बाबा विश्वनाथ और बाबा अमरनाथ जी की असीम कृपा से श्री बाबा काशी विश्वनाथ सेवा समिति लगातार 26वें वर्ष भी इस सेवा कार्य को पूरी निष्ठा से संचालित कर रहा है।