सहायक आयुक्त के निर्देश पर एडीसीओ अवधेश कुमार सिंह ने की अध्यक्षता

वाराणसी। सहायक आयुक्त सुरेंद्र कुमार मौर्य के निर्देश पर अपर जिला सहकारी अधिकारी (एडीसीओ) अवधेश कुमार सिंह ने गुरुवार को गढ़वा घाट नाविक सहकारी समिति रमना की बैठक अपनी उपस्थिति में संपन्न कराई। बैठक में मुख्य प्रवर्तक मनोज साहनी तथा प्रस्तावित सचिव पंकज साहनी सहित कई सदस्य मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि समिति के रजिस्ट्रेशन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हो चुका था। इसी क्रम में सहायक आयुक्त के निर्देश पर अवधेश कुमार सिंह को ऑर्गेनाइजर के रूप में नियुक्त कर समिति की बैठक कराने का दायित्व सौंपा गया था। बैठक में एडीसीओ अवधेश कुमार सिंह ने सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि कलयुग में समूह में ही शक्ति है और समूह की शक्ति सदैव अपराजेय रही है। उन्होंने बताया कि सहकारिता समूह को ताकत और तेवर प्रदान करती है तथा सहकारिता परिवार में नए साथियों का स्वागत किया जाता है।

मुख्य प्रवर्तक मनोज साहनी ने बैठक में समिति के उद्देश्यों और संकल्पों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रस्तावित सचिव पंकज साहनी ने कार्यवाही को लिपिबद्ध किया। बैठक में पन्नालाल यादव, मंगल राम, जितेंद्र साहनी, राहुल साहनी, रानी देवी, धर्मवीर और फूलचंद सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। यह बैठक समिति के औपचारिक गठन और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। अधिकारी ने सदस्यों से आपसी सहयोग और नियमित बैठकों के माध्यम से समिति को मजबूत बनाने का आग्रह किया।