प्रयागराज। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा ने बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में महिला जनसुनवाई आयोजित कर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आई पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई में 26 से अधिक महिलाओं ने घरेलू हिंसा, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, उत्पीड़न, जान से मारने की धमकी तथा अन्य मामलों से संबंधित शिकायतें प्रस्तुत कीं। आयोग की सदस्य ने प्रत्येक प्रकरण का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान गीता विश्वकर्मा ने कहा कि राज्य महिला आयोग का उद्देश्य केवल शिकायतों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि महिलाओं को न्याय, सुरक्षा और सम्मान दिलाना भी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा एवं स्वावलंबन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र महिला और बालिका तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को विशेष निर्देश देते हुए कहा कि थानों में आने वाली महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और छोटे-मोटे विवादों का यथासंभव थाने स्तर पर ही त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण किया जाए, ताकि पीड़ित महिलाओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण मामलों पर आयोग की सदस्य ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए। कीटगंज थाना क्षेत्र की अम्बेरानी केसरवानी ने मौजा डभांव, तहसील करछना स्थित अपनी भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर गीता विश्वकर्मा ने एसडीएम करछना को मामले की जांच कर शीघ्र निस्तारण करते हुए विस्तृत आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार नैनी क्षेत्र की निवासी ईशिता सिंह ने अपने पति के परिजनों द्वारा मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न तथा पति की गुमशुदगी के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की। इस शिकायत पर आयोग की सदस्य ने थानाध्यक्ष नैनी को तत्काल आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
धूमनगंज थाना क्षेत्र की मधुबन बिहार कॉलोनी निवासी मीरा पाण्डेय ने अपनी बहू एवं उसकी मां पर गला दबाकर जानलेवा हमला करने तथा एफआईआर दर्ज न होने की शिकायत की। इस मामले में थानाध्यक्ष धूमनगंज को एक सप्ताह के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
फूलपुर क्षेत्र की रामराजी दुबे ने अपने मकान पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जा करने और जान से मारने की धमकी दिए जाने की शिकायत प्रस्तुत की। इस पर थानाध्यक्ष फूलपुर को एक सप्ताह के भीतर जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा दरभंगा कॉलोनी स्थित नवदुर्गा अपार्टमेंट की निवासी शशी जुनेजा ने अपार्टमेंट की छत के प्रवेश द्वार पर अनधिकृत कब्जा कर ताला लगाने की शिकायत की। इस मामले में एसीपी कर्नलगंज को एक सप्ताह के भीतर जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
गीता विश्वकर्मा ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और उन्हें न्याय दिलाना राज्य महिला आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ित महिलाओं को शीघ्र न्याय मिल सके।
जनसुनवाई कार्यक्रम में अपर नगर मजिस्ट्रेट, जिला प्रोबेशन अधिकारी सर्वजीत सिंह, पुलिस विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आयोग की सदस्य को आश्वस्त किया कि प्राप्त सभी शिकायतों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई कर निर्धारित समय सीमा में आख्या प्रस्तुत की जाएगी।
Comments (0)