प्रयागराज,। 23 जुलाई। 15वीं एनसीसी द्वारा आयोजित 10 दिवसीय कंबाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप (CATC-69) का गुरुवार को भव्य समापन समारोह के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। पूरे शिविर के दौरान कैडेटों ने अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, शारीरिक दक्षता और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। समापन समारोह उत्साह, सम्मान और देशभक्ति के माहौल में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कैंप कमांडेंट के स्वागत भाषण से हुआ। इसके बाद कमांडिंग ऑफिसर कर्नल रितु श्रीवास्तव रावत ने अपने संबोधन में सभी कैडेटों को सफल प्रशिक्षण पूर्ण करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि एनसीसी का आदर्श वाक्य "एकता और अनुशासन" केवल एक नारा नहीं, बल्कि जीवन का मूल मंत्र है। उन्होंने कैडेटों से देश सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सदैव बनाए रखने का आह्वान किया।
दस दिनों तक चले इस प्रशिक्षण शिविर में कैडेटों को ड्रिल, हथियार संचालन, मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट, फिजिकल ट्रेनिंग और बायोमेट्रिक उपस्थिति जैसी सैन्य गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा नेतृत्व विकास, टीमवर्क, आत्मविश्वास निर्माण, सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम तथा विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें कैडेटों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों एवं विजेता टीमों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। कैडेटों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को आकर्षक बना दिया। उपस्थित अतिथियों और अधिकारियों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर कमांडिंग ऑफिसर कर्नल रितु श्रीवास्तव रावत ने आगामी IGC TSC प्रतियोगिता के लिए चयनित टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी कैडेट पूरी मेहनत और लगन से तैयारी करें, ताकि उत्तर प्रदेश निदेशालय की टीम में स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
समारोह के अंत में सभी कैडेटों, एसोसिएट एनसीसी अधिकारियों, परमानेंट इंस्ट्रक्शनल स्टाफ तथा विशिष्ट अतिथियों ने सामूहिक छायाचित्र खिंचवाया। धन्यवाद ज्ञापन के बाद "भारत माता की जय" और "15 BN की जय" के गगनभेदी नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। शिविर में प्राप्त प्रशिक्षण, अनुशासन और अनुभव कैडेटों के व्यक्तित्व निर्माण के साथ-साथ भविष्य में राष्ट्रसेवा के लिए उन्हें प्रेरित करते रहेंगे।
Comments (0)