प्रयागराज। शहर में न्यूरोलॉजिकल स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने के उद्देश्य से सीताराम न्यूरो केयर एंड पॉलीक्लिनिक का भव्य शुभारंभ रविवार को संपन्न हुआ। क्लिनिक 105 ए/11, मालवीय रोड, जर्ज टाउन, जगत तारन गर्ल्स इंटर कॉलेज के पास स्थित है।

उद्घाटन समारोह में शहर के सैकड़ों चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता और विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। दीप प्रज्वलन और फीता काटकर क्लिनिक का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर क्लिनिक के संचालक डॉ. राकेश पासवान को इंजीनियर शालिनी पासवान के साथ मरीजों की बेहतर सेवा के लिए समर्पित बताया गया। आयोजकों ने कहा कि यह क्लिनिक "आपके बेहतर कल के लिए" आधुनिक न्यूरोलॉजिकल देखभाल, परामर्श और उपचार उपलब्ध कराएगा।

डॉ. राकेश पासवान ने कहा कि आज के समय में तनाव, लाइफस्टाइल और बढ़ती उम्र के कारण न्यूरो संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में प्रयागराज व आसपास के जिलों के मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ इलाज मिल सके, इसी सोच के साथ इस पॉलीक्लिनिक की शुरुआत की गई है। यहां माइग्रेन, मिर्गी, स्ट्रोक, पार्किंसन, रीढ़ और नसों से जुड़ी बीमारियों का विशेषज्ञों की टीम द्वारा उपचार किया जाएगा।

कार्यक्रम में लोक जनशक्ति पार्टी के मेजा विधानसभा संघ प्रमुख राकेश चन्द्र पाण्डेय ने क्लिनिक की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में इस तरह की पहल समाज के लिए लाभकारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि डॉ. पासवान के नेतृत्व में क्लिनिक गरीब और जरूरतमंद मरीजों को भी बेहतर सुविधा देगा।

उद्घाटन के दौरान मरीजों के लिए निशुल्क परामर्श शिविर लगाया गया। क्लिनिक प्रशासन ने कहा कि आने वाले समय में टेली-मेडिसिन और हेल्थ अवेयरनेस कैंप भी आयोजित किए जाएंगे।