वाराणसी। काशी की अध्यात्मिक नगरी शिवपुर में रामलीला समिति द्वारा आयोजित प्रसिद्ध रामलीला का आठवां दिन शुक्रवार को भव्य रूप से मनाया गया। अयोध्या की रामलीला की तरह यहां भी राम स्वरूप का मंचन अत्यंत भक्तिपूर्ण और आकर्षक ढंग से किया जाता है। इस अवसर पर राम बारात, श्रीराम जी के साथ भरत, लक्ष्मण व शत्रुघ्न का विवाह प्रसंग तथा सीता माता के साथ उनकी तीन बहनों की विदाई का भावुक दृश्य मंचित हुआ। रामलीला मैदान पर भारी संख्या में भक्त और दर्शक पहुंचे। मंचन की शुरुआत राम बारात के भव्य जुलूस से हुई। श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न को राजसी वेशभूषा में सजा-धजाकर बारात निकाली गई। पारंपरिक वाद्ययंत्रों, भजन-कीर्तन और आतिशबाजी के साथ बारात का दृश्य देखते ही बनता था। भक्तों ने जय श्रीराम के नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान कर दिया।

मंच पर विवाह प्रसंग का अत्यंत सुंदर और शास्त्रीय ढंग से चित्रण किया गया। जनकपुरी में विवाह प्रसंग के दौरान जनक बने पंडित सुभाष शुक्ला ने पूरे रीति-रिवाज से सीता जी का विवाह संपन्न कराया। श्रीराम का सीता से विवाह तथा भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न का क्रमशः माण्डवी, उर्मिला और श्रुतकीर्ति से विवाह का दृश्य प्रस्तुत किया गया। चारों जोड़ों को आशीर्वाद देने का दृश्य दर्शकों को भाव-विभोर कर गया। विवाह प्रसंग के बाद सीता माता के साथ उनकी तीनों बहनों की विदाई का मार्मिक प्रसंग मंचित हुआ। माता-पिता से विदा लेती बहनों का दृश्य देखकर कई दर्शकों की आंखें नम हो गईं। शिवपुर की रामलीला वर्षों से क्षेत्रवासियों और दूर-दूर से आने वाले भक्तों के बीच विशेष लोकप्रिय है। क्षेत्र के बुजुर्गों का कहना है कि यह रामलीला केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक शिक्षा का माध्यम भी है। बच्चे और युवा यहां से रामचरितमानस के मूल्यों को सीखते हैं।

रामलीला समिति शिवपुर के मंत्री त्रिलोकी नाथ सेठ ने बताया कि इस वर्ष की रामलीला में पारंपरिक मूल्यों को बनाए रखते हुए आधुनिक व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। मंचन में स्थानीय कलाकारों के साथ अनुभवी कलाकारों की टीम शामिल है। मंत्री त्रिलोकी नाथ सेठ ने कहा कि आने वाले दिनों में वनगमन, अयोध्या की विदाई, चित्रकूट प्रसंग और अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का मंचन भी भव्य रूप से किया जाएगा। नौवें दिन शनिवार को दशरथ सभा और कोप भवन का प्रसंग मंचित किया गया। इस अवसर पर स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी। शिवपुर थाना प्रभारी अजीत वर्मा के साथ उप निरीक्षक मंदीप कुमार मिश्रा, उप निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार, उप निरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, उप निरीक्षक अतहर जमाँ खाँ, उप निरीक्षक रणबीर सिंह यादव, आरक्षी अमोद कुमार, अरविन्द पाण्डेय, यशवन्त यादव, बृजेश सिंह, अश्वीनी कुमार, उपेन्द्र नाथ, मुख्य आरक्षी शिवांक सिंह, शाश्वत सिंह श्रीनेत, सुशील सिंह, मु०आ० दुर्ग विज के अलावा शिवपुर थाने से भारी फोर्स तैनात की गई थी।