चंदौली। जनपद के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकालकर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। देशभक्ति के रंग में रंगी इस यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिक, पूर्व सैनिक और युवा शामिल हुए। पूरे मार्ग में 'भारत माता की जय', 'वंदे मातरम्' और 'जय हिंद' के नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा।


तिरंगा यात्रा का आयोजन पूर्व सैनिक डॉ. के. एन. पाण्डेय के नेतृत्व में किया गया। यात्रा अलीनगर सकलडीहा तिराहा से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों और चौराहों से गुजरते हुए सुभाष पार्क पहुंची, जहां आयोजित सभा में कारगिल युद्ध के वीर जवानों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया।

इस अवसर पर पूर्व सैनिक डॉ. के. एन. पाण्डेय ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अद्वितीय शौर्य, पराक्रम और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। कारगिल के वीर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की सीमाओं की रक्षा की, जिसके लिए पूरा राष्ट्र सदैव उनका ऋणी रहेगा। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कारगिल युद्ध के शहीदों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके साहस और त्याग को कभी भुलाया नहीं जा सकता। देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले सैनिकों का सम्मान प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

तिरंगा यात्रा में कैप्टन विनोद कुमार उपाध्याय, कैप्टन बाला शरण, सूबेदार मेजर शरीफ साहब, संजय पाण्डेय, सदानंद दूबे, नीरज तिवारी, अभिषेक सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा और नागरिक उपस्थित रहे