प्रयागराज। भूजल संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से जनपद में 16 से 22 जुलाई 2026 तक भूजल सप्ताह मनाया जाएगा। अभियान के तहत गांव से लेकर नगर निकाय और जिला स्तर तक विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गुरुवार को संगम सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अधिकारियों को विस्तृत कार्ययोजना बनाकर प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष अभियान की थीम "जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प" रखी गई है। उन्होंने सभी विभागों से समन्वय स्थापित कर आमजन की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। अभियान के लिए मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
कार्यक्रम के तहत 16-17 जुलाई को ग्राम पंचायत, 18-19 जुलाई को विकास खंड एवं क्षेत्र पंचायत, 20-21 जुलाई को नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत तथा 22 जुलाई को जिला, जिला पंचायत, नगर विकास और विकास प्राधिकरण स्तर पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित होंगी।
डीएम ने तालाबों और चेकडैमों के जीर्णोद्धार, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने तथा सरकारी-निजी विद्यालयों, पंचायत भवनों और सार्वजनिक भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों से अपने घरों में भी वर्षा जल संचयन प्रणाली अपनाने की अपील की।
बैठक में शिक्षा विभाग को स्कूलों में पोस्टर, निबंध एवं जागरूकता प्रतियोगिताएं कराने, कृषि एवं उद्यान विभाग को किसानों के बीच ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई को बढ़ावा देने तथा पंचायतीराज विभाग को श्रमदान, रिचार्ज पिट निर्माण और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही लघु सिंचाई विभाग को चेकडैम और रिचार्ज संरचनाओं का निरीक्षण तथा उद्योग विभाग को औद्योगिक इकाइयों में वर्षा जल संचयन और जागरूकता बैठकें आयोजित करने के लिए कहा गया।
जिलाधिकारी ने अभियान के दौरान आयोजित सभी कार्यक्रमों की फोटो, वीडियो और विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि भूजल संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का साझा दायित्व है।
Comments (0)