चंदौली। जनपद के बर्थरा कलां गांव निवासी एक विवाहिता की पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज में चार पहिया वाहन की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करने तथा साजिश के तहत हत्या कर शव को फांसी के फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। मामले में पश्चिम बंगाल की दानकुनी थाना पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, बर्थरा कलां निवासी मिथिलेश पाण्डेय की पुत्री प्रियंका पाण्डेय का विवाह 30 अप्रैल 2025 को सकलडीहा थाना क्षेत्र के मनियारपुर निवासी सूर्यभान तिवारी से हुआ था। सूर्यभान तिवारी पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में स्थित टीसीआई कंपनी में कार्यरत था। परिजनों का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में चार पहिया वाहन की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर प्रियंका को मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।
मायके पक्ष का आरोप है कि करीब 15 दिन पूर्व प्रियंका को हुगली जिले में पति के पास भेजा गया, जहां भी उसके साथ प्रताड़ना जारी रही। आरोप है कि 20 जुलाई 2026 की रात दानकुनी थाना क्षेत्र के हिमनगर स्थित किराये के मकान में उसकी हत्या कर शव को फांसी के फंदे से लटका दिया गया।
मृतका के भाई अभिनव कुमार पाण्डेय की तहरीर पर दानकुनी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पति सूर्यभान तिवारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मृतका के परिजनों का आरोप है कि सास, ससुर, देवर समेत अन्य आरोपित फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
ससुराल पक्ष के किसी सदस्य के मौजूद न रहने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव मृतका के भाई को सौंप दिया। इसके बाद परिजन शव को चंदौली लाए, जहां बलुआ घाट पर पिता मिथिलेश पाण्डेय ने अंतिम संस्कार किया।
Comments (0)