चंदौली। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत सोमवार को कस्तूरबा गांधी विद्यालय में महिला कल्याण विभाग के जिला हब फॉर इंपॉवरमेंट ऑफ वूमेन द्वारा बालिका सुरक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को महिला एवं बालिका कल्याण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
जिला मिशन समन्वयक रागिनी सिंह एवं जेंडर स्पेशलिस्ट पुष्पा कुशवाहा ने छात्राओं को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, राष्ट्रीय निराश्रित पेंशन योजना, स्पॉन्सरशिप, फोस्टर केयर, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, रानी लक्ष्मीबाई एवं बाल सम्मान कोष तथा वन स्टॉप सेंटर सहित अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि आज बेटियों को आगे बढ़ने के लिए मदद नहीं, बल्कि एक अवसर की आवश्यकता है। छात्राओं को अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करने और किसी भी प्रकार के मार्गदर्शन के लिए महिला कल्याण विभाग से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं के हित में एकजुट होकर कार्य करने और आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने की सलाह भी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रभारी ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए छात्राओं से सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने तथा जीवन में सही दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक रागिनी सिंह, जेंडर स्पेशलिस्ट पुष्पा कुशवाहा तथा विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
Comments (0)