वाराणसी। जिलाधिकारी वाराणसी के निर्देश पर शुक्रवार को राजातलाब विकासखंड आराजीलाइन अंतर्गत ग्राम पंचायत घमहापुर की विस्तृत जांच सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सुरेंद्र कुमार मौर्य द्वारा की गई। जांच पंचायत भवन पर संपन्न हुई, जहां ग्रामप्रधान श्रीनाथ, सचिव ऊषा यादव, कंसल्टेंट इंजीनियर शिवशक्ति सिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। तीन शिकायतकर्ताओं में से केवल अजयपाल सिंह ही मौके पर उपस्थित पाए गए। शेष दो शिकायतकर्ताओं को पूर्व में सूचना दिए जाने के बावजूद वे जांच के दौरान अनुपस्थित रहे। सचिव ऊषा यादव ने जांच दल के समक्ष कुछ समय की मांग करते हुए कहा कि उन्हें शिकायतों की कोई जानकारी नहीं है।
इस पर सहायक आयुक्त सुरेंद्र कुमार मौर्य ने सचिव को सभी शिकायती पत्रों की छायाप्रति उपलब्ध कराई और स्पष्ट निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर शिकायतों के संबंध में साक्ष्य सहित अपनी विस्तृत आख्या प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें, ताकि मामलों का शीघ्र निस्तारण हो सके। उन्होंने चेतावनी भी दी कि जांच के दौरान अभिलेख प्रस्तुत न करना या अधूरे अभिलेख पेश करना कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही मानी जाएगी। ऐसी स्थिति में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। जांच के दौरान एडीसीओ अवधेश सिंह, एडीओ सहकारिता अरविंद सिंह, अशोक यादव, ग्रामप्रधान श्रीनाथ, ग्राम पंचायत अधिकारी ऊषा यादव, पंचायत सहायक, शिकायतकर्ता अजयपाल सिंह तथा अन्य ग्रामीण भी मौजूद रहे। जांच दल ने पंचायत से जुड़े अभिलेखों और शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
Comments (0)