लखनऊ/इटौंजा। इटौंजा क्षेत्र के युवाओं के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक रहा, जब डॉ. भीमराव अंबेडकर खेल मैदान के आधुनिकीकरण एवं आधुनिक मिनी स्टेडियम निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक योगेश शुक्ला एवं नगर पंचायत अध्यक्ष अवधेश कुमार अवस्थी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

करीब 1 करोड़ 1 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह आधुनिक मिनी स्टेडियम क्षेत्र के खिलाड़ियों और युवाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। स्टेडियम में खेल सुविधाओं का विकास होने से स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

विधायक योगेश शुक्ला ने कहा कि युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना सरकार की प्राथमिकता है। आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होने से क्षेत्र के खिलाड़ी प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगे।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष अवधेश कुमार अवस्थी "कमल", राजू कश्यप, अनूप मिश्रा, सुधाकर अवस्थी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों ने मिनी स्टेडियम की स्वीकृति और निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी व्यक्त की।