जन औषधि केंद्रों ने बढ़ाई पीएक्स की ग्रामीण विश्वसनीयता
वाराणसी। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सुरेंद्र कुमार मौर्य ने शुक्रवार को लेढ़ुवाई तथा जक्खिनी बीपैक्स के अंतर्गत निर्माणाधीन 100 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदामों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। सहायक आयुक्त ने सबसे पहले सेवापुरी क्षेत्र में लेढ़ुवाई बीपैक्स अंतर्गत बन रहे 100 एमटी गोदाम का स्थलीय निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद सचिव और ठेकेदार को उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में समयबद्धता के साथ-साथ गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त मौर्य ने बीपैक्स स्तर पर संचालित जन औषधि केंद्रों और संबंधित अभिलेखों का भी विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि जन औषधि केंद्रों की सफलता ने बीपैक्स की भूमिका को ग्रामीण क्षेत्रों में काफी विस्तारित किया है। सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाओं की उपलब्धता से ग्रामीण जनता का बीपैक्स और उनके सचिवों पर विश्वास बढ़ा है। इसके बाद उन्होंने आराजीलाइन ब्लॉक अंतर्गत मिर्जामुराद बीपैक्स और वहां संचालित जन औषधि केंद्र का भी निरीक्षण किया। सहायक आयुक्त ने कहा कि जन औषधि केंद्र की सफलता केवल दवाओं की गुणवत्ता पर ही निर्भर नहीं है, बल्कि यह बीपैक्स और सचिव पर जनता के जनविश्वास को भी रेखांकित करती है।
जक्खिनी बीपैक्स अंतर्गत निर्माणाधीन 100 मीट्रिक टन क्षमता के गोदाम का भी उन्होंने जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना का जिक्र करते हुए कहा कि सहकारिता विभाग इस योजना का ध्वजवाहक है। योजना का मुख्य उद्देश्य पैक्स की परिचालन क्षमता और आय को बढ़ाना तथा उन्हें बहुसेवा केंद्रों में परिवर्तित करना है। सहायक आयुक्त मौर्य ने कहा कि पैक्स की बढ़ती भूमिका ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और कृषि संचालित विकास में सकारात्मक योगदान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। निरीक्षण के दौरान एडीसीओ लालजी, विजय कुमार, सचिव विभूति नारायण श्रीवास्तव, राहुल सिंह, विवेक सिंह 'सोनू' सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Comments (0)