चंदौली। नीति आयोग और जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) के संयुक्त फील्ड विजिट कार्यक्रम के तहत गुरुवार को चंदौली जनपद के धानापुर विकास खंड अंतर्गत मिर्जापुर ग्राम पंचायत का भ्रमण किया गया। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में जापान से आए प्रतिनिधिमंडल तथा नीति आयोग के अधिकारियों का पारंपरिक ढोल-नगाड़ों, पुष्प वर्षा और अंगवस्त्र पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।

खंड विकास अधिकारी राकेश मिश्र के नेतृत्व में अतिथियों को प्रधानमंत्री के "विकसित भारत" के संकल्प की दिशा में आगे बढ़ रही विकसित ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली और विकास कार्यों से अवगत कराया गया। इस दौरान अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने पंचायत भवन, लाइब्रेरी, अमृत सरोवर, अमृत वाटिका, आंगनवाड़ी केंद्र, प्राथमिक विद्यालय तथा खेल मैदान का निरीक्षण किया। बीडीओ ने ग्राम पंचायत में संचालित विकास योजनाओं, जनसुविधाओं और पंचायत की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में किए गए कार्यों को भी प्रस्तुत किया गया।

ग्राम पंचायत में किए गए विकास कार्यों, स्वच्छ एवं व्यवस्थित व्यवस्थाओं तथा ग्रामीणों द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत से जापानी प्रतिनिधिमंडल और नीति आयोग के अधिकारी काफी प्रभावित दिखाई दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।

कार्यक्रम में नीति आयोग, भारत सरकार से गौरव कुमार मिश्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी राज कपूर, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. रितेश जायसवाल एवं डॉ. जे.पी. गुप्ता, डीएसटीओ, ग्राम प्रधान राजेश सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।