प्रयागराज। विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, राजकीय आईटीआई एवं क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय प्रयागराज के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को मां गायत्री महाविद्यालय, मवैया नैनी में एक दिवसीय विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न निजी कंपनियों में रोजगार पाने का अवसर प्राप्त किया।

रोजगार मेले में एक्साइड इंडस्ट्रीज, सिल्वर स्पार्क, शाही एक्सपोर्ट, गोकुलदास इंडिया, अरविंद मिल्स, जेएसडब्ल्यू पेंट्स, एबी पीपल कार्ड प्राइवेट लिमिटेड, ब्लिंकिट सहित कुल 22 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इन कंपनियों ने विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया।

मेले में कुल 1651 प्रशिक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का लिखित परीक्षण, साक्षात्कार एवं योग्यता के आधार पर चयन किया। चयन प्रक्रिया के बाद 728 प्रशिक्षार्थियों का विभिन्न कंपनियों में रोजगार के लिए चयन किया गया। चयनित युवाओं में खुशी का माहौल रहा। वहीं जिन अभ्यर्थियों का चयन नहीं हो सका, उन्हें भविष्य में बेहतर तैयारी के लिए मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं। इससे प्रशिक्षित युवाओं को अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार पाने का अवसर मिलता है तथा उद्योगों को भी कुशल मानव संसाधन उपलब्ध होता है। उन्होंने युवाओं से अपने कौशल को निरंतर विकसित करने और ऐसे आयोजनों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कौशल विकास मिशन के जिला समन्वयक अशोक कुमार, मां गायत्री ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के डायरेक्टर डॉ. अनिल श्रीवास्तव, कौशल विकास मिशन के मैनेजर अभिषेक शुक्ला एवं अरविंद चौरसिया, डीपीएम सुभाष कुमार तथा जिला सेवायोजन कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति रही। सभी ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।