वाराणसी। लोहता अपराध नियंत्रण और यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। शनिवार को लोहता थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लोहता-रोहनिया मोड़ के पास जोरदार सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस अचानक हुई कार्रवाई से बिना हेलमेट और बिना कागजात के सड़क पर फर्राटा भरने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान पुलिस बल ने मोड़ से गुजरने वाले दोपहिया और चार पहिया वाहनों को रोककर उनके कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट और सीट बेल्ट की गहनता से जांच की। इसके साथ ही संदिग्ध वाहनों की डिग्गी और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी भी ली गई। नियम तोड़ने वाले चालकों को मौके पर ही सबक सिखाते हुए दर्जनों वाहनों के चालान काटे गए।
थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पूरी तरह से पालन करें, हेलमेट व सीट बेल्ट जरूर लगाएं और वाहन के समस्त वैध कागजात साथ लेकर ही चलें। पुलिस ने चेतावनी दी कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
Comments (0)