मेजा, प्रयागराज। मेजा क्षेत्र के मेजा रोड , नगर पंचायत सिरसा एवं सहित विभिन्न क्षेत्रों में भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। रथयात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा के जयकारों से पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।

रथयात्रा का शुभारंभ विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद किया गया। आकर्षक ढंग से सजे रथ पर भगवान जगन्नाथ की प्रतिमा विराजमान थी। यात्रा में श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए, ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की मधुर धुन पर नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे। महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भी बड़ी संख्या में भाग लेकर धार्मिक आस्था का परिचय दिया। मार्ग में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती उतारी और पुष्पवर्षा कर रथयात्रा का स्वागत किया। जगह-जगह प्रसाद और शीतल पेयजल की भी व्यवस्था की गई।

रथयात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। नगर पंचायत सिरसा चौकी प्रभारी प्रभाकर शुक्ला अपने पुलिस दल के साथ पूरे समय मौजूद रहे और यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सफल संपन्न कराने के लिए लगातार निगरानी करते रहे। प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ से क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक उल्लास और भाईचारे का वातावरण देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने रथयात्रा के सफल आयोजन के लिए समिति के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों तथा पुलिस प्रशासन के सहयोग की सराहना की। यह भव्य धार्मिक आयोजन क्षेत्रवासियों के लिए आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक बनकर यादगार रहा।