चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात सड़क चौड़ीकरण के तहत प्राचीन काली मंदिर के ध्वस्तीकरण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ध्वस्तीकरण के समय भारी-भरकम गुंबद अचानक भर भराकर गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि गिरते समय गुंबद बुलडोजर के बकेट से टकराने के बाद दूसरी दिशा में जा गिरा, जिसकी चपेट में आकर एक पीडब्ल्यूडी कर्मचारी और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान पड़ाव डांडी निवासी झुमरी उर्फ बलदेव (58 वर्ष) की मौत हो गई। दूसरे घायल का इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ध्वस्तीकरण के दौरान पीडब्ल्यूडी कर्मचारी बलदेव रस्सा पकड़कर खड़े थे। तभी अचानक गुंबद ढह गया और उन्हें कुचलते हुए सड़क पर जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन, पुलिस और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। एहतियात के तौर पर ध्वस्तीकरण का कार्य कुछ समय के लिए रोक दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना, मुगलसराय कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह सहित सभी चौकी प्रभारी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गए तथा पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि ध्वस्तीकरण स्थल के आसपास न तो पर्याप्त बैरिकेडिंग की गई थी और न ही आम लोगों की आवाजाही पूरी तरह रोकी गई थी। वायरल हो रहे वीडियो में भी लोगों की मौजूदगी दिखाई दे रही है, जिससे सुरक्षा मानकों के पालन पर सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। वहीं, मृतक के परिजनों में शोक की लहर है।
नोट: बैरिकेडिंग या सुरक्षा में लापरवाही संबंधी आरोप प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के आधार पर सामने आए हैं। इन बिंदुओं की आधिकारिक पुष्टि या जांच रिपोर्ट आना अभी बाकी है।
Comments (0)