मेजा, प्रयागराज। मेजा क्षेत्र के किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। बकरी सवारी से सिरसा पंप कैनाल की माइनर में वर्षों से बनी आ रही बंधी टूटने और पानी के रिसाव की समस्या का अब स्थायी समाधान किया जा रहा है। नहर विभाग ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए लगभग 60 मीटर लंबाई में नहर के पक्कीकरण का कार्य शुरू करा दिया है। इससे क्षेत्र के सैकड़ों किसानों को सिंचाई व्यवस्था में बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार, इस माइनर की बंधी में बार-बार रिसाव होने के कारण नहर कई बार टूट जाती थी। इससे न केवल बड़ी मात्रा में पानी व्यर्थ बह जाता था, बल्कि किसानों के खेतों तक समय पर सिंचाई का पानी भी नहीं पहुंच पाता था। कई बार नहर टूटने से आसपास की फसलें भी प्रभावित होती थीं, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था।
स्थानीय किसानों ने इस समस्या को लेकर नहर विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की थी। किसानों की मांग पर विभागीय अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया और समस्या के स्थायी समाधान के लिए नहर के कमजोर हिस्से का पक्कीकरण कराने का निर्णय लिया। वर्तमान में लगभग 60 मीटर लंबाई में सीमेंट-कंक्रीट से नहर निर्माण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
इसके अलावा, बरसात के दौरान क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या भी बनी रहती थी। बारिश का पानी निकासी के अभाव में आसपास के घरों और खेतों में भर जाता था, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस समस्या के समाधान के लिए नहर विभाग ने यहां साइफन की व्यवस्था भी कर दी है। इसके बनने से अतिरिक्त वर्षा जल की निकासी सुचारु रूप से हो सकेगी और घरों में पानी घुसने की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।
क्षेत्र के किसानों ने नहर विभाग की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होने से खेती आसान होगी, सिंचाई व्यवस्था बेहतर बनेगी और हर साल होने वाले नुकसान से भी राहत मिलेगी। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है और इसे जल्द पूरा कर किसानों को अगली फसल से पहले इसका पूरा लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
Comments (0)