प्रयागराज। अमृत एजुकेशनल एण्ड चैरिटेबल ट्रस्ट, प्रयागराज द्वारा अमृत ग्रीन प्रयागराज मिशन के अंतर्गत आज वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा जनसामान्य को वृक्षारोपण के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारम्भ ट्रस्ट के अध्यक्ष *तीर्थराज विश्वकर्मा* द्वारा पौधरोपण कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित रखने का माध्यम ही नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य की अमूल्य धरोहर हैं। प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान पवन कुमार ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा इस जनहितकारी अभियान की सराहना की। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
साथ ही विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों को पौधे वितरित किए गए, जिन्हें वे अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में रोपण हेतु अपने साथ लेकर गए।
ट्रस्ट ने बताया कि अमृत ग्रीन प्रयागराज मिशन के माध्यम से जनपद में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण, पर्यावरण जागरूकता एवं जनसहभागिता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर अभियान संचालित किया जा रहा है, ताकि प्रयागराज को अधिक हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सके।
Comments (0)