मेजा, प्रयागराज। निबैया पहाड़पुर स्थित गाटा संख्या 564 (रकबा 0.5240 हेक्टेयर) के खाता विभाजन संबंधी न्यायालय के आदेश के अनुपालन में गुरुवार, 9 जुलाई 2026 को राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश एवं फाट (खाता विभाजन) की कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई।
कार्रवाई के दौरान कानूनगो राम बहादुर एवं राजबहादुर के साथ लेखपाल प्रमोद कुमार मिश्रा मौजूद रहे। वहीं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रामनगर चौकी प्रभारी अभिनव उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे।
जानकारी के अनुसार, उक्त भूमि के खाता विभाजन को लेकर उदयशंकर एवं अन्य की ओर से वाद दायर किया गया था। मामले में पूर्वाधिकारी न्यायालय ने 13 जून 2024 को अंतिम आदेश पारित किया था। इसके विरुद्ध सिंगारी देवी ने पुनर्स्थापना प्रार्थना पत्र दाखिल कर बंटवारे की प्रक्रिया को अवैध बताते हुए आदेश निरस्त करने की मांग की थी। उनका कहना था कि वर्ष 2018 में पंजीकृत बैनामे के आधार पर उन्हें भूमि पर स्वत्व एवं कब्जा प्राप्त है, इसलिए विभाजन का कोई औचित्य नहीं है।
वहीं वादी पक्ष ने न्यायालय में तर्क दिया कि भूमि भूमिधरी है और उसका विधिक बंटवारा आवश्यक है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने तथा अभिलेखों के परीक्षण के बाद न्यायालय ने माना कि अंतिम आदेश सभी पक्षों को सुनवाई का पूरा अवसर देने के बाद पारित किया गया था। इसी आदेश के अनुपालन में गुरुवार को राजस्व विभाग ने सीमांकन और खाता विभाजन की कार्रवाई पूर्ण कर दी।
Comments (0)