सोरांव, प्रयागराज। जिला विद्यालय निरीक्षक के निर्देश पर बुधवार को आर.पी. रस्तोगी इंटर कॉलेज, मलाक हरहर (फाफामऊ) में सोरांव तहसील (संभाग) माध्यमिक विद्यालयीय क्रीड़ा समिति की बैठक आयोजित हुई। इसमें सत्र 2026-27 की विद्यालयीय खेलकूद प्रतियोगिताओं की तैयारियों, आयोजन स्थलों, प्रतियोगिताओं की रूपरेखा एवं विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा कर रणनीति तय की गई।
बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष डॉ. लालजी यादव ने की, जबकि संचालन सचिव राजेश कुमार सरोज ने किया। बैठक में तहसील क्षेत्र के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शारीरिक शिक्षा शिक्षकों ने प्रतिभाग कर प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए सुझाव दिए।
विशिष्ट अतिथि के रूप में समिति के पूर्व अध्यक्ष एवं मेवालाल अयोध्या प्रसाद स्मारक इंटर कॉलेज, सोरांव के प्रधानाचार्य अरविन्द कुमार सिंह तथा मंडलीय क्रीड़ा सचिव राजकुमार मौजूद रहे। अतिथियों का स्वागत समिति की ओर से किया गया।
डॉ. लालजी यादव ने कहा कि विद्यालयीय खेलकूद प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। वहीं, अरविन्द कुमार सिंह ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और प्रत्येक प्रतिभाशाली खिलाड़ी को आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।
मंडलीय क्रीड़ा सचिव राजकुमार ने विभागीय दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए प्रतियोगिताओं को खेल नियमों के अनुरूप, पारदर्शी एवं अनुशासित ढंग से आयोजित करने पर जोर दिया। उन्होंने सुरक्षा, निर्णायकों की व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रतियोगिताओं की तिथियों, आयोजन स्थलों, अनुशासन व्यवस्था, खिलाड़ियों की सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं पर भी सहमति बनी। अंत में सचिव राजेश कुमार सरोज ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन का विश्वास जताया।
Comments (0)