चन्दौली। उत्तर प्रदेश सरकार के "वृक्षारोपण महायज्ञ-2026" एवं "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत रविवार को चन्दौली पुलिस ने पूरे जनपद में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल और अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर ने निर्माणाधीन पुलिस लाइन भोजापुर एवं शिविर पुलिस लाइन में औषधीय, फलदार और छायादार पौधे लगाकर अभियान का शुभारंभ किया।

एसपी आकाश पटेल ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संरक्षण का सबसे मजबूत आधार हैं। ग्लोबल वॉर्मिंग और पर्यावरण असंतुलन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक एवं थानाध्यक्षों ने अपने-अपने थाना परिसरों, चौकियों और चिन्हित सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस कर्मियों तथा स्थानीय नागरिकों के सहयोग से वृक्षारोपण किया। अभियान के दौरान पीपल, बरगद, नीम, आम, सहजन, जामुन और आंवला जैसे पर्यावरण के लिए लाभदायक पौधे लगाए गए।

चन्दौली पुलिस ने इस अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने और आमजन को वृक्षारोपण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।