मुगलसराय। शहर कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक पार्टी के कैंप कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में 7 जुलाई को प्रस्तावित 'चंदा चोर गद्दी छोड़' कार्यक्रम की सफलता को लेकर रणनीति बनाई गई। इसके साथ ही कथित चढ़ावा चोरी की जांच, राहुल गांधी द्वारा चलाए जा रहे 'छात्रों की गूंज' अभियान तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता के सामने भाजपा की सच्चाई उजागर हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता को गुमराह करने, सरकारी संपत्तियों को बेचने और लूट की राजनीति करने में लगी हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि धर्म की आड़ में राजनीति कर जनता की भावनाओं से खिलवाड़ किया गया है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दयाराम पटेल ने कहा कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार छात्रों और युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस का साथ देगी तथा 7 जुलाई को होने वाले कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेसजन भाजपा की नीतियों को जनता के बीच उजागर करेंगे।

बैठक में दयाराम पटेल, हमीर शाह जायसवाल, बृजलाल तिवारी, दिलीप पाल, रमेश पांडेय, विजय कुमार गुप्ता, उमेश चौहान, संतोष यादव, मुकीम खान, रब्बानी शाह, मुन्नी पटेल, रुपेश चौहान, कन्हैया मोदनवाल, संजय जायसवाल, मनोज यादव, देवेश महाराज, अजय माली सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।