मेजा (प्रयागराज)। मेजा थाना क्षेत्र के बैरहना गांव में गुरुवार सुबह एक युवक का शव उसके ही खेत में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव निवासी प्रेमचन्द्र के रूप में हुई है। शव पर गंभीर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।

बताया जा रहा है कि सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए तो प्रेमचन्द्र का शव उसके ही खेत में पड़ा देखा। इसकी सूचना तत्काल परिजनों और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मेजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के शरीर पर कई स्थानों पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए घटना के जल्द खुलासे की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

दिनदहाड़े गांव के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है।