फूलपुर, प्रयागराज। खरीफ फसलों में नैनो उर्वरकों के वैज्ञानिक एवं प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कॉर्डेट इफको, फूलपुर द्वारा विकासखंड बहरिया के ग्राम सेफ खानपुर के किसानों के लिए सोमवार को एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को नैनो उर्वरकों, जैव उर्वरकों, मृदा परीक्षण तथा खाद्य प्रसंस्करण के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मोतीलाल नेहरू फार्मर्स ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, कॉर्डेट इफको, फूलपुर के प्रधानाचार्य डॉ. विवेक दीक्षित ने कहा कि इफको के नैनो उर्वरक भारतीय कृषि के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित हो रहे हैं। इनके प्रयोग से खेती की लागत कम होने के साथ-साथ उत्पादन और गुणवत्ता में वृद्धि होती है। उन्होंने किसानों से नैनो यूरिया प्लस, नैनो डीएपी, नैनो जिंक एवं नैनो कॉपर का वैज्ञानिक तरीके से प्रयोग करने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि धान की फसल में नैनो डीएपी का उपयोग बीज, जड़, कंद एवं सेट उपचार के लिए किया जा सकता है। 500 मिलीलीटर की एक बोतल से लगभग 100 किलोग्राम बीज का उपचार संभव है, जिससे दानेदार डीएपी की आवश्यकता लगभग आधी रह जाती है। इससे खेती की लागत कम होने के साथ-साथ जल, मृदा एवं पर्यावरण पर रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभाव भी कम होते हैं। वहीं नैनो यूरिया का 4 मिलीलीटर प्रति लीटर पानी की दर से घोल बनाकर फसल की पत्तियों पर छिड़काव करने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में संस्थान की वरिष्ठ अधिकारी श्रीमती सविता शुक्ला ने फल संरक्षण एवं खाद्य प्रसंस्करण के विषय में जानकारी देते हुए कहा कि किसान अचार, मुरब्बा, जूस एवं अन्य प्रसंस्कृत उत्पाद तैयार कर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं।
समन्वित ग्रामीण विकास कार्यक्रम के प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने जैव उर्वरकों एवं जैव अपघटकों के उपयोग से मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने की जानकारी दी। वहीं प्रशिक्षण प्रभारी मुकेश तिवारी ने स्वस्थ एवं टिकाऊ कृषि के लिए मृदा परीक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किसानों को समय-समय पर मिट्टी की जांच कराने की सलाह दी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को कॉर्डेट फूलपुर की विभिन्न इकाइयों का भ्रमण भी कराया गया। कार्यक्रम में चंद्रकाली देवी, मीना कुमारी, शकुंतला, मालती, लाखन सिंह, जय सिंह, हरिश्चंद्र, अभय प्रताप सहित बड़ी संख्या में किसान तथा कॉर्डेट फूलपुर के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Comments (0)