चंदौली। वन महोत्सव एवं 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत सोमवार को वन विभाग की ओर से चहनियां कस्बे में पौधों की बारात और वृक्षारोपण जनजागरूकता प्रभात फेरी निकाली गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां खंडवारी देवी इंटर कॉलेज से हुआ, जिसमें वन विभाग के अधिकारियों, विद्यालय के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रभात फेरी के दौरान वन क्षेत्राधिकारी राम संवरे यादव ने लोगों को अधिक से अधिक पौधरोपण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और भावी पीढ़ी के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाकर उनकी देखभाल करनी चाहिए।

मां खंडवारी देवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. आशुतोष कुमार सिंह कैलाशी के सहयोग से निकाली गई प्रभात फेरी में छात्र-छात्राओं ने "पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ", "धरती को सुंदर बनाओ", "एक पेड़ दस पुत्र समान", "हर घर में एक पेड़ लगाओ" और "धरती की यही पुकार, पेड़ लगाओ बार-बार" जैसे नारों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

प्रभात फेरी के समापन के बाद विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. आशुतोष कुमार सिंह कैलाशी ने कहा कि पेड़-पौधों के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। स्वस्थ जीवन और स्वच्छ पर्यावरण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधरोपण करना चाहिए। पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तो मानव जीवन भी सुरक्षित रहेगा।

कार्यक्रम में वन दरोगा फिरोज गांधी, जितेंद्र यादव, अभिषेक यादव, सुशील पांडेय, पिंटू, तेजबली पांडेय, मुन्नीलाल, छोटेलाल, विजय लाल सहित वन विभाग के कर्मचारी एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।