नोनहरा (गाजीपुर)। पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार प्रदेशभर में चलाए जा रहे पर्यावरण संरक्षण अभियान के क्रम में रविवार को नोनहरा थाना परिसर में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी विवेक कुमार तिवारी ने फलदार एवं छायादार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और बदलते पर्यावरणीय हालात को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।

थाना प्रभारी विवेक कुमार तिवारी ने कहा कि पेड़-पौधे केवल ऑक्सीजन का स्रोत ही नहीं हैं, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, जल संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने पुलिसकर्मियों और स्थानीय नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील करते हुए इसे जनभागीदारी का अभियान बनाने का आह्वान किया।

पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान थाना परिसर में लगाए गए पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया गया। क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस की इस पर्यावरण हितैषी पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी कदम बताया।