मेजा, प्रयागराज। आगामी सावन मास में श्री श्रीनाथ बाबा मंदिर, सिरसा में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं एवं कांवरियों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सहायक पुलिस आयुक्त बृजेश पाठक, थाना प्रभारी मेजा नितेंद्र कुमार शुक्ला तथा चौकी प्रभारी सिरसा प्रभाकर शुक्ला ने श्री श्रीनाथ बाबा मंदिर परिसर का औपचारिक निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, साफ-सफाई तथा सुरक्षा संबंधी इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों से बातचीत कर सावन मास में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

सहायक पुलिस आयुक्त बृजेश पाठक ने कहा कि सावन के दौरान बड़ी संख्या में कांवरिये और श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा और सुगम दर्शन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।

थाना प्रभारी नितेंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

वहीं, चौकी प्रभारी प्रभाकर शुक्ला ने श्रद्धालुओं से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि श्रद्धालुओं को व्यवस्थित एवं सुगम दर्शन कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएंगी। ट्रस्ट की ओर से साफ-सफाई, पेयजल, कतार व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

पुलिस प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट के संयुक्त प्रयासों से इस वर्ष सावन मास में श्री श्रीनाथ बाबा मंदिर आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धापूर्ण वातावरण में दर्शन कराने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।