चंदौली। जनपद की बलुआ थाना पुलिस ने टप्पेबाजी की दो घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से टप्पेबाजी के माल की बिक्री से संबंधित 5,220 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को सेवई का पूरा (धानापुर-चहनिया मार्ग) पर चेकिंग के दौरान गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे अकेले आने-जाने वाली बुजुर्ग महिलाओं, विशेषकर आभूषण पहने महिलाओं को बातचीत में उलझाकर विश्वास में लेते थे और झांसा देकर उनके जेवर उतरवा लेते थे। पुलिस के अनुसार, गिरोह ने 26 जुलाई को चहनिया बाजार में एक बुजुर्ग महिला से सोने के टप्स और लॉकेट लगी मंगलसूत्र तथा 1 अगस्त को दूसरी बुजुर्ग महिला के दोनों कानों के सोने के टप्स इसी तरीके से ठग लिए थे।आरोपितों ने चोरी के आभूषण गाजीपुर निवासी राहुल ठठेरा उर्फ गोलू को बेच दिए थे।पूछताछ में राहुल ठठेरा ने बताया कि वह बर्तन और सोने-चांदी के आभूषण का कारोबार करता है तथा कम कीमत पर खरीदे गए आभूषणों को गलाकर आगे बेच देता था। पुलिस के अनुसार, वह टप्पेबाजी के माल की बकाया रकम देने आया था, तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपितों में पवन डोम, कनपातर डोम तथा राहुल ठठेरा उर्फ गोलू शामिल हैं, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। मामले में बलुआ थाने में दो मुकदमे दर्ज हैं और पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।