चंदौली। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को मुगलसराय कस्बा और पड़ाव क्षेत्र में पुलिस ने पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर ने पुलिस बल के साथ मुख्य बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, बस स्टैंड, चौराहों, प्रमुख प्रतिष्ठानों तथा संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया।
गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी भी ली तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सुझाव प्राप्त किए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नियमित पैदल गश्त और प्रभावी चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अराजक एवं असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्यवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस या आपातकालीन सेवा 112 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्यवाई की जा सके।
पैदल गश्त के दौरान क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह, थानाध्यक्ष मुगलसराय विजय प्रताप सिंह सहित थाना पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Comments (0)