चंदौली। जनपद में राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग कराकर यातायात व्यवस्था बाधित करने वाले ढाबा एवं होटल संचालकों के खिलाफ चंदौली पुलिस ने बड़ी कार्यवाई की है। पूर्व में नोटिस और चेतावनी दिए जाने के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने पर 20 ढाबा एवं होटल संचालकों तथा पांच वाहन चालकों के विरुद्ध कुल 12 मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए चलाए गए अभियान के तहत यह कार्यवाई की गई। पुलिस के अनुसार मुख्य मार्ग पर वाहनों की अवैध पार्किंग से यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा था। इसे देखते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर वैधानिक कार्यवाई शुरू कर दी गई है।
थानावार कार्यवाई में थाना चंदौली क्षेत्र में छह ढाबा एवं होटल संचालकों के विरुद्ध तीन, सैयदराजा में तीन ढाबा एवं होटल संचालकों तथा पांच वाहन चालकों के विरुद्ध तीन, अलीनगर में आठ ढाबा एवं होटल संचालकों के विरुद्ध पांच तथा मुगलसराय में तीन ढाबा एवं होटल संचालकों के विरुद्ध एक अभियोग दर्ज किया गया है।
पुलिस ने कहा है कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Comments (0)