वाराणसी। पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारों के स्वास्थ्य को लेकर आज एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सान्वी हॉस्पिटल एवं सूर्या चिल्ड्रेन हॉस्पिटल, महमूरगंज, वाराणसी के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एस. के. तिवारी ने स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। डॉ. तिवारी ने विशेष रूप से बच्चों के स्वास्थ्य पर चर्चा करते हुए समय पर टीकाकरण, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, रोग प्रतिरोधक क्षमता, नियमित वजन मापने तथा बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास की निगरानी के महत्व को बताया।

उन्होंने स्तनपान एवं उचित पूरक आहार, बच्चों में आयरन की कमी एवं एनीमिया, तथा मोबाइल की लत और स्क्रीन टाइम को नियंत्रित करने के उपायों पर भी जानकारी दी। साथ ही ऑटिज्म एवं एडीएचडी जैसी विकास संबंधी समस्याओं की शुरुआती पहचान और समय पर विशेषज्ञ से परामर्श लेने की सलाह दी।

डॉ. तिवारी ने सभी पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारों को नियमित रूप से वजन, रक्तचाप एवं ब्लड शुगर की जांच कराने की सलाह दी। उन्होंने हाई-रिस्क स्थितियों के संकेतों को पहचानने तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति में समय पर उचित चिकित्सा एवं आपातकालीन उपचार लेने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों की व्यस्त एवं चुनौतीपूर्ण जीवनशैली को देखते हुए उनके लिए स्वयं और परिवार के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी बेहद आवश्यक है। बीमारी से बचाव, समय पर पहचान और शीघ्र उपचार ही स्वस्थ परिवार की आधारशिला है।

कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा बच्चों के बेहतर शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक विकास के लिए सही जानकारी उपलब्ध कराना रहा।