प्रयागराज। जनपद में 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृहद वृक्षारोपण महाअभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने गुरुवार को संगम सभागार में विभिन्न सामाजिक, स्वयंसेवी, शैक्षणिक, औद्योगिक, व्यापारिक एवं अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी अरविन्द कुमार यादव भी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी संगठनों से इस अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन का स्वरूप देने की अपील करते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण कराने का आह्वान किया।
बैठक में सिविल डिफेंस, मेडिकल एसोसिएशन, रोटरी क्लब, लायंस क्लब, पेट्रोल पंप संचालक, ईंट भट्ठा संगठन, व्यापारिक संगठन तथा विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और भावी पीढ़ियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने सभी संगठनों के पदाधिकारियों से अपने-अपने सदस्यों को अभियान से जोड़ने तथा 12 जुलाई को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
जिलाधिकारी ने लोगों से अपने घरों, पार्कों, विद्यालयों, संस्थानों, सड़क किनारे तथा अन्य उपयुक्त स्थानों पर पौधारोपण करने की अपील करते हुए कहा कि पूरा परिवार इस अभियान से जुड़े और हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही जनपद को अधिक हरित और स्वच्छ बनाया जा सकता है।
बैठक में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव साझा किए और वृक्षारोपण महाअभियान को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने अपने-अपने संगठनों के माध्यम से व्यापक स्तर पर पौधारोपण एवं जनजागरूकता अभियान चलाने की बात कही।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर सत्यम मिश्रा, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासन को उम्मीद है कि 12 जुलाई का यह महाअभियान जनसहभागिता के बल पर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी पहल साबित होगा।
Comments (0)