चंदौली। जिले में विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर से शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित एवं फीता काटकर किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारितोष मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शपथ भी दिलाई गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारितोष मिश्रा ने कहा कि जिले ने पिछले वर्षों में सभी विभागों के समन्वय और जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में संचारी रोग नियंत्रण अभियान में प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने सभी विभागों से शासन की गाइडलाइन के अनुरूप अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य मलेरिया, डेंगू, डायरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण करना है। उन्होंने कहा कि अभियान के कारण लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है और बीमारियों के प्रसार में कमी आई है। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने की अपील की।
विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह 'बबलू' ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज, नगर विकास तथा अन्य विभाग मिलकर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ओआरएस के पैकेट वितरित किए जा रहे हैं तथा जलभराव और गंदगी वाले क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जा रहा है।
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि पिछले वर्षों के आंकड़ों के आधार पर चिन्हित उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि मलेरिया, डेंगू और अन्य संचारी रोगों पर समय रहते नियंत्रण किया जा सके।
कार्यक्रम का संचालन स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी जय प्रकाश सिंह ने किया। गोष्ठी के बाद यथार्थ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट के छात्र-छात्राओं तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने जागरूकता रैली निकाली, जिसे जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह 'बबलू', मुख्य विकास अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य, पंचायती राज, नगर विकास, पशुपालन, बाल विकास, कृषि, सिंचाई, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, सूचना विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Comments (0)