चंदौली जनपद में स्क्रब टाइफस और लेप्टोस्पाइरोसिस जैसी संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए कृषि विभाग ने विशेष जागरूकता एवं नियंत्रण अभियान शुरू किया है। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान-2026 के द्वितीय चरण के तहत यह अभियान 1 जुलाई से 31 जुलाई तक जिलेभर में चलाया जाएगा।
अभियान के तहत जनपद की 605 ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम, बैठकें और प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों और ग्रामीणों को चूहों एवं छछूंदरों से फैलने वाली गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि चूहा और छछूंदर के कारण स्क्रब टाइफस तथा लेप्टोस्पाइरोसिस जैसे जीवाणुजनित संक्रामक रोग फैलते हैं। इन बीमारियों से होने वाला तेज बुखार जानलेवा साबित हो सकता है। ऐसे में समय पर जानकारी, सतर्कता और बचाव ही सबसे प्रभावी उपाय है।
कृषि विभाग ने आमजन से अपील की है कि घरों और आसपास चूहों व छछूंदरों को पनपने न दें। चूहों को पकड़ने के लिए नियमित रूप से चूहादानी का उपयोग करें तथा उनके मल-मूत्र को घर में जमा न होने दें, क्योंकि यह संक्रमण का प्रमुख स्रोत होता है। साथ ही घर और आसपास की नियमित साफ-सफाई बनाए रखें, ताकि चूहों को छिपने और बिल बनाने का अवसर न मिले।
Comments (0)