सहकारिता योजनाओं की समीक्षा, अपर आयुक्त श्रीकांत गोस्वामी की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण बैठक
कंप्यूटराइजेशन, वसूली और लक्ष्यों पर सख्त निर्देश, वसूली स्थिति चिंताजनक
वाराणसी। नोडल अधिकारी, वाराणसी मंडल/अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक/प्रबंध निदेशक, यूपीसीएलडीएफ लखनऊ श्रीकांत गोस्वामी की अध्यक्षता में सर्किट हाउस, वाराणसी में विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक बुधवार को हुई। अपर आयुक्त द्वारा सहकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। उल्लेखनीय है कि श्रीकांत गोस्वामी वाराणसी मंडल के सहकारिता विभाग के नोडल अधिकारी भी हैं। बैठक में मंडलीय समीक्षा के साथ मंडल की सभी समितियों में पर्याप्त उर्वरक उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक के दौरान मूल्य समर्थन योजना अंतर्गत जनपद वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर एवं जौनपुर में खरीदे गए गेहूं की डिलीवरी, किसानों के भुगतान, परिवहन और भंडारण संबंधी समस्याओं की समीक्षा की गई। अपर आयुक्त ने इन समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में संयुक्त आयुक्त एवं संयुक्त निबंधक सहकारिता वाराणसी मंडल सोमी सिंह ने जनपद वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर एवं जौनपुर के जिला प्रबंधक (पीसीएफ, पीसीयू, यूपीएसएस) तथा क्षेत्रीय प्रबंधक को अपर आयुक्त के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अपर आयुक्त ने जिला सहकारी बैंक जौनपुर, वाराणसी एवं गाजीपुर में पैक्स कंप्यूटराइजेशन योजना के अंतर्गत समितियों के डायनेमिक डे एंड, ऑनलाइन सिस्टम ऑडिट एवं ई-पैक्स रूपांतरण की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि कोई भी समिति डायनेमिक डे एंड से बाहर न रहे। डीएलएमसी और डीएमसी की बैठकें नियमित रूप से कराने, डेयरी समितियों का रजिस्ट्रेशन कर दुग्ध उत्पादन एवं व्यवसाय संबंधित कारोबार समिति के माध्यम से कराने तथा सभी बी-पैक्स पर 31 अगस्त तक कंप्यूटर भिज्ञ कार्मिकों की नियुक्ति मानकों के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए।
वसूली की स्थिति को असंतोषजनक बताते हुए संयुक्त आयुक्त सोमी सिंह ने बताया कि वाराणसी मंडल प्रदेश में वसूली के मामले में सबसे खराब चार मंडलों में शामिल है। अपर आयुक्त ने सभी सहायक आयुक्तों और सीईओ जिला सहकारी बैंक को निर्देशित किया कि गत वर्ष से पीछे चल रहे ब्लॉकों व शाखाओं के संबंधित एडीओ व शाखा प्रबंधकों को कारण बताओ नोटिस जारी करें। बैठक में गोदामों के सुदृढ़ीकरण व मरम्मत योजना, जन औषधि केंद्र तथा अन्य योजनाओं की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई। अपर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने और शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को अधिकतम लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। आज इसके पूर्व वाराणसी मंडल की सीमा पर पहुंचने पर संयुक्त आयुक्त सोमी सिंह, सहायक आयुक्त वाराणसी सुरेंद्र कुमार मौर्य तथा सहायक आयुक्त जौनपुर बृजेश पाठक ने अपर आयुक्त का स्वागत किया। समीक्षा बैठक में जनपद वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली के समस्त सहायक आयुक्त, सहायक निबंधक, सीईओ जिला सहकारी बैंक, जिला प्रबंधक तथा अपर जिला सहकारी अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments (0)