प्रयागराज, 4 अगस्त। सड़क सुरक्षा के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने और उनमें यातायात नियमों के पालन की भावना विकसित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज द्वारा विद्या वाहिनी विद्यालय में सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को सुरक्षित यातायात के नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय बताए गए।
यह कार्यक्रम विद्यालय के छात्र समृद्ध यादव द्वारा विद्यालय के बाहर यातायात अव्यवस्था और विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़ी समस्या के संबंध में दिए गए आवेदन के आधार पर आयोजित किया गया। छात्र ने अपने आवेदन में बताया था कि विद्यालय के पास स्थित बस स्टैंड के कारण स्कूल खुलने और छुट्टी के समय भारी जाम की स्थिति बन जाती है। इससे विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में कठिनाई होती है और कई बार वे देर से घर पहुंचते हैं।
समस्या को गंभीरता से लेते हुए यातायात पुलिस ने विद्यालय खुलने और बंद होने के समय नियमित ड्यूटी लगाने के साथ सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाया। इसके अलावा विद्यालय प्रबंधन, आरटीओ, एमआरएफ तथा यातायात पुलिस के प्रतिनिधियों को शामिल करते हुए एक टास्क फोर्स का गठन भी किया गया, जो यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए समन्वय स्थापित करेगी।
कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को ट्रैफिक संकेतों का पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा सड़क पार करने के सुरक्षित तरीकों की जानकारी दी। अधिकारियों ने छात्रों से स्वयं नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
अंत में यातायात पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित वाहन चलाएं तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में अपना सक्रिय सहयोग दें।
Comments (0)