मेजा। सोमवार की दिन रात से शुरू हुई बरसात मंगलवार को दोपहर 12:00 तक चलती रही , जल निकासी की व्यवस्था न होने तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांव में बरसात का पानी लोगों के घरों में घुस गया, लोगों की सूचना पर नायब तहसीलदार नंदलाल राजस्व टीम के साथ क्षेत्र के तेंदुआ कला, जरार, बसहरा, गांव पहुंच जल निकासी की व्यवस्था कराई। बसहरा गांव में भूख से बिल बिला रहे लोगों को लंच पैकेट का वितरण कराया। नायब तहसीलदार के इस कार्य से लोगों में भारी खुशी रही। उधर तहसीलदार मेजा यमुना प्रसाद वर्मा टीम के साथ मंडा के विभिन्न गांव में गए, बताया कि कई कच्चे मकान बरसात के पानी में गिर गए हैं, जिसकी सूचना ऑनलाइन जिले को भेज दी गई है। उधर नगर पंचायत सिरसा के पूरा जगन्नाथ बस्ती में बारिश के बाद जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। लगातार हुई बारिश के कारण बस्ती की सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं और बारिश का पानी लोगों के घरों तक पहुंच गया है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बस्ती के कई हिस्सों में सड़क पर घुटनों तक पानी जमा होने से लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही है। लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान हर साल जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है, लेकिन इसके स्थायी समाधान के लिए नगर पंचायत स्तर से प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।

जलभराव के कारण गलियों में गंदगी और कीचड़ फैल गया है। लोगों को जरूरी काम के लिए भी पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। वहीं, घरों के आसपास पानी जमा रहने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि नालियों की सफाई और पानी निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो जाता है।

बस्तीवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से जल्द जल निकासी की व्यवस्था कराने, नालियों की सफाई कराने तथा समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पानी नहीं निकाला गया तो परेशानी और बढ़ सकती है।