ऑटो में सवारी बैठाकर लूट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, लूटा मोबाइल और ₹500 बरामद
मुगलसराय। मुगलसराय पुलिस ने चेकिंग के दौरान ऑटो में सवारी बैठाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट का रियलमी 6i मोबाइल फोन और ₹500 नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त की रात वाराणसी के चौबेपुर निवासी महेश पाल मुगलसराय स्टेशन से पड़ाव जाने के लिए एक ऑटो में सवार हुए थे। आरोप है कि ऑटो चालक और उसके साथी ने निर्धारित मार्ग से अलग ले जाकर महादेवपुर के पास रिंग रोड पर उनका मोबाइल फोन और पर्स में रखे ₹2,500 छीन लिए। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए दोनों मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की तहरीर पर मुगलसराय थाने में मुकदमा संख्या 415/2026 के तहत धारा 309(4), 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।
थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 16 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर चंधासी-हरिशंकरपुर मोड़ के पास घेराबंदी कर कुनाल आलम (21) पुत्र शहजाद आलम, निवासी काली महाल, थाना मुगलसराय को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से काले रंग का रियलमी 6i मोबाइल फोन और ₹500 नकद बरामद हुए। पुलिस ने मोबाइल की पहचान पीड़ित के लूटे गए फोन के रूप में की है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर 15 अगस्त की रात एक व्यक्ति को ऑटो में बैठाया और सब्जी मंडी, सट्टी तथा छिमिया होते हुए रिंग रोड पर ले जाकर मोबाइल फोन व ₹2,500 लूट लिए थे। मोबाइल बेचकर मिली रकम को दोनों आपस में बांटने वाले थे, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी के साथी की तलाश में भी जुटी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक सतीश प्रकाश, चौकी प्रभारी शिवाला, उपनिरीक्षक संजय कुमार राय, हेड कांस्टेबल राजबहादुर सरोज, कांस्टेबल संजय कुमार और कांस्टेबल अंकुर खरवार शामिल रहे।
Comments (0)