चंदौली। शासन की मंशानुरूप जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जिले की सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।

सकलडीहा तहसील सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने की। दोनों अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन, निराश्रित पेंशन, निर्विवाद वरासत सहित सभी लाभार्थीपरक योजनाओं और राजस्व संबंधी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।

समाधान दिवस में कुल 195 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 16 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं 6 मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर जांच एवं कार्रवाई के लिए भेजा गया। शेष शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद, सिंचाई, विद्युत एवं पुलिस विभाग से संबंधित थीं। उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों की नियमित निगरानी आईजीआरएस के माध्यम से की जाती है और निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाना अनिवार्य है।

बैठक में किसानों द्वारा धान की खेती के लिए सिंचाई, बिजली और खाद की उपलब्धता से जुड़ी समस्याएं भी उठाई गईं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में किसानों को पानी, बिजली और खाद की कमी नहीं होने दी जाए।

इस अवसर पर पीडी डीआरडीए बी.बी. सिंह, उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, जिला पंचायती राज अधिकारी अविनाश कुमार, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।