श्रद्धालु सुविधा और सुगम दर्शन होगी प्राथमिकता :सीईओ
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास एवं श्री काशी विश्वनाथ विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के नव नियुक्त मुख्य कार्यपालक(सीईओ) अधिकारी सत्यम मिश्र ने सोमवार को विधिवत अपना पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने से पहले उन्होंने सपरिवार काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के दरबार में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन किया।
बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन के उपरांत सत्यम मिश्र ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास एवं विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर मंदिर न्यास एवं परिषद के अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।
पदभार ग्रहण करने के बाद नव नियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और सभी का अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने अधिकारियों से मंदिर की व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी लेते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
सत्यम मिश्र ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम एवं व्यवस्थित दर्शन, व्यवस्थाओं की गुणवत्ता तथा श्री काशी विश्वनाथ धाम की गरिमा के अनुरूप कार्य करना प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा श्रद्धालुओं की आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए कार्य करने पर बल दिया।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी(सीईओ) के रूप में पदभार ग्रहण करने के साथ ही सत्यम मिश्र के समक्ष श्री काशी विश्वनाथ धाम की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने, श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन उपलब्ध कराने और मंदिर की गरिमा के अनुरूप व्यवस्थाओं के संचालन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। वह इससे पहले अपर जिलाधिकारी नगर का कार्यभार संभाल रहे थे। महाकुम्भ 2025 में प्रोटोकॉल जैसी अहम जिम्मेदारी को बखूबी निभा चुके है।
Comments (0)