जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टालों का किया निरीक्षण, विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी का किया आह्वान
वाराणसी। सेवा संकल्प अभियान के तहत बड़ागांव और आराजीलाइन विकासखंड में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान किसानों और ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ा गया। ई-लॉटरी से चयनित किसानों को सरसों, चना और मटर की उन्नत किस्मों के बीज की मिनीकिट निःशुल्क वितरित की गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों को उज्ज्वला गैस कनेक्शन और राशन कार्ड प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रमों में पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह, विधायक डॉ. सुनील पटेल और ब्लॉक प्रमुख सत्येंद्र सिंह ने किसानों को बीज मिनीकिट प्रदान की। किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं, आधुनिक खेती और बेहतर उत्पादन के तरीकों की जानकारी भी दी गई।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जनपद में गेहूं की उन्नत किस्मों के 49,015 बीज पैकेट 50 प्रतिशत अनुदान पर राजकीय कृषि बीज भंडारों के माध्यम से वितरित किए जाएंगे। किसानों से विभागीय पोर्टल पर बुकिंग कर अनुदानित बीज प्राप्त करने की अपील की गई।
किसानों को समय से फसलों की बुवाई के साथ तिलहनी फसलों में एनपीएस के प्रयोग की सलाह दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इसमें मौजूद सल्फर फसल की गुणवत्ता सुधारने और तेल उत्पादन बढ़ाने में सहायक है।
पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी ली। विधायक ने कहा कि ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को साकार करने में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे शिविर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ उनकी समस्याओं के मौके पर समाधान का माध्यम बन रहे हैं।
कार्यक्रमों में एसडीएम पिंडरा कुंदन राज कपूर, बीडीओ छोटे लाल तिवारी, संबंधित विकासखंडों के खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी कृषि डॉ. राजेंद्र कुमार सेठ व विनय कुमार मिश्रा, सहायक विकास अधिकारी कृषि रक्षा लाल बहादुर पटेल, एडीओ पंचायत सुनील कुमार सिंह, बीज गोदाम प्रभारी वीरेंद्र गौतम, भाजपा जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में किसान व ग्रामीण मौजूद रहे।
Comments (0)