वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में पेयजल व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। कैंट थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-16 सरसौली बस्ती के लोगों का आरोप है कि पिछले कई महीनों से जलकल विभाग की ओर से बदबूदार और गंदा पानी की आपूर्ति हो रही है। इससे लोगों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय महिलाओं ने बताया कि कई बार अधिकारियों को लिखित शिकायत दी गई। शिकायत के बाद भी अधिकारी मौके पर नही पहुंचे, निरीक्षण भी नही किया इसलिए समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ।

लोगों का कहना है कि क्षेत्र की पार्षद कुसुम पटेल भी चुनाव के बाद कभी उनकी सुध लेने नहीं आती हैं ।ग्रामीणों के अनुसार, मजबूरी में अधिकांश परिवार पीने के लिए बाजार से पानी खरीद रहे हैं। वहीं, पशुओं को भी छानकर वही बदबूदार पानी पिलाना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि दूषित पानी के कारण क्षेत्र में टाइफाइड, मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है और कई बच्चे लगातार दवाइयों के सहारे हैं। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि जल्द ही स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था नहीं की गई तो वे उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में भी यदि लोगों को साफ पानी न मिले तो यह व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। फिलहाल, इस मामले में जलकल विभाग या संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। स्थानीय लोग जल्द से जल्द समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं।