वाराणसी। शिवपुर स्थित पंचकोशी परिक्रमा के चौथे पड़ाव पांचों पांडव मंदिर परिसर में नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद गुरुवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपल ने मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस मौके पर नगर निगम के राजस्व विभाग के अधिकारी, लेखपाल, जोनल अधिकारी, अन्य कर्मचारी, शिवपुर पार्षद बलिराम प्रसाद कनौजिया और क्षेत्रीय नागरिक भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने नगर आयुक्त को अतिक्रमण हटाने की संपन्न हुई कार्रवाई तथा आगे की कार्ययोजना से अवगत कराया। यह मंदिर पंचकोशी परिक्रमा का महत्वपूर्ण पड़ाव होने के साथ-साथ सावन माह में कांवर यात्रियों के प्रमुख मार्ग पर स्थित है।
स्थानीय लोगों ने नगर आयुक्त से मंदिर के क्षतिग्रस्त शिखर की शीघ्र मरम्मत और परिसर के सुंदरीकरण की मांग की। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि स्थल की सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य जरूरी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा या खतरे का सामना न करना पड़े।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि इस निरीक्षण के बाद मंदिर के जर्जर शिखर की मरम्मत और शेष विकास कार्यों में तेजी आएगी, जिससे पंचकोशी परिक्रमा मार्ग का यह महत्वपूर्ण स्थल श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुरक्षित और सुंदर बन सके।
Comments (0)