प्रयागराज। विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) नैनी में बुधवार को भव्य कौशल प्रदर्शनी एवं रोजगारोन्मुखी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न तकनीकी मॉडल, नवाचार एवं कौशल आधारित परियोजनियों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका उद्घाटन भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश कुमार शुक्ला एवं भाजपा यमुनापार के वर्तमान उपाध्यक्ष ज्ञान सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।

संस्थान के प्रधानाचार्य अशोक कुमार ने बताया कि प्रदर्शनी में प्रशिक्षार्थियों की प्रतिभा और तकनीकी दक्षता का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला। श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके कौशल को उद्योगों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में अप्रेंटिसशिप प्रभारी अमृत लाल गुप्ता ने एवं मारुति सुजुकी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के एचआर धीरेंद्र प्रताप सिंह का स्वागत किया। धीरेंद्र प्रताप सिंह ने प्रशिक्षार्थियों को अप्रेंटिसशिप के महत्व, चयन प्रक्रिया और रोजगार की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान मारुति सुजुकी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 105 प्रशिक्षार्थियों का अप्रेंटिसशिप के लिए चयन किया गया तथा मुख्य अतिथियों ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।

उपप्रधानाचार्य सीमा रंजन ने प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना की जानकारी देते हुए बताया कि दसवीं, बारहवीं, बीए, बीएससी, बीकॉम, एमएससी, एमकॉम, बीसीए, एमबीए एवं एमसीए उत्तीर्ण अभ्यर्थी इस योजना के तहत छह माह से एक वर्ष तक इंटर्नशिप कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इंटर्नशिप के दौरान प्रशिक्षार्थियों को प्रतिमाह 9,000 रुपये का मानदेय तथा कंपनी में कार्यरत रहने के लिए 6,000 रुपये तक आवास संबंधी सहायता प्रदान किए जाने का प्रावधान है।

कार्यक्रम का संचालन कार्यदेशक वी.वी. कौशल ने किया। इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य मोहन लाल, राकेश शर्मा, राम प्रीत राम, सुंदरिका प्रसाद, कार्यदेशक रंजना शुक्ला, अनुदेशक वीरेंद्र नाथ शुक्ला सहित संस्थान के सभी अनुदेशक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे। आयोजन ने युवाओं को कौशल विकास, अप्रेंटिसशिप और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने का प्रभावी संदेश दिया।