वाराणसी। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर आज संयुक्त आयुक्त एवं संयुक्त निबंधक सहकारिता, वाराणसी मंडल द्वारा मंडलीय कार्यालय प्रांगण में ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई, जिसके बाद उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रगान गाया। इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त ने संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा हमारी स्वतंत्रता का सिंहनाद है। आज के दिन हम उन लाखों देशवासियों के बलिदान की स्मृति को नमन करते हैं, जिन्होंने देश की आज़ादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें न केवल गौरवपूर्ण इतिहास की याद दिलाता है, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों को भी रेखांकित करता है।

समारोह में मंडलीय कार्यालय के समस्त अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। इसके अलावा जनपद गाजीपुर और जौनपुर कार्यालय के अपर जिला सहकारी अधिकारीगण भी इस अवसर पर शामिल हुए। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत माहौल में भाग लिया। स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए संकल्प लिया।